जरवल घोसियाना मार्ग पर मांस-मछली की दुकानों से लोगों में आक्रोश
जरवल घोसियाना मार्ग पर मांस-मछली की दुकानों से लोगों में आक्रोश

बहराइच । जरवल कस्बा के घोसियाना मार्ग पर सड़क किनारे लग रही मांस एवं मछली की दुकानों को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि भीषण गर्मी के चलते दुकानों से उठने वाली दुर्गंध के कारण राहगीरों, महिलाओं एवं बच्चों का इस मार्ग से गुजरना दूभर हो गया है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार यह मार्ग कस्बे का प्रमुख रास्ता है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। बदबू और गंदगी के कारण आसपास का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मांस एवं मछली की दुकानों को आबादी एवं मुख्य बाजार से लगभग दो से तीन किलोमीटर दूर स्थानांतरित किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। लोगों ने नगर पंचायत एवं संबंधित अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।