खंडवा की बेटी श्रुति पटेल ने गाजियाबाद में लहराया परचम!
## 200 मीटर दौड़ में जीता गोल्ड मेडल, अब SGFI में करेगी मालवा प्रांत का प्रतिनिधित्व

**खंडवा।** प्रतिभा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के दम पर खंडवा की होनहार बेटी श्रुति पटेल ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी शानदार खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया है। विद्या भारती मालवा प्रांत के मार्गदर्शन में दिनांक 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में आयोजित एथलेटिक्स प्रतियोगिता में स्थानीय सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, कल्याणगंज, खंडवा की किशोर वर्ग की छात्रा श्रुति पटेल ने **200 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) अपने नाम किया।**
श्रुति की इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय सहित संपूर्ण खंडवा क्षेत्र में हर्ष और गौरव का माहौल है। अपनी तेज रफ्तार, कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर श्रुति ने न केवल स्वर्ण पदक हासिल किया, बल्कि अपने विद्यालय और मालवा प्रांत का मान भी बढ़ाया है।
**अब SGFI में दिखाएगी दम!**
श्रुति पटेल की सफलता का सफर यहीं नहीं थमने वाला है। वह आगामी SGFI प्रतियोगिता में सहभागिता कर अपने मालवा प्रांत एवं विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेगी। उसकी इस उपलब्धि से आगामी प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रांतीय खेल संयोजक श्री सत्यनारायण लववंशी, विभाग समन्वयक श्री मुकेश जी पाटिल, विद्यालय समिति अध्यक्ष श्री राजेंद्र जी अग्रवाल, सचिव श्री रविंद्र जी बंसल, कोषाध्यक्ष श्री ओमजी दशोरे, संस्था प्राचार्य श्रीमती शोभा तोमर, प्रधानाचार्य श्री दिलीप जी सपकाले, श्री राधेश्याम जी चौहान,श्री वासुदेव जी पंवार, खेल शिक्षक श्री नर्मदा प्रसाद चौहान, श्री हर्ष बाथो, श्री रितेश पाटिल सहित समस्त विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए श्रुति को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
**श्रुति की यह स्वर्णिम सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। खंडवा की इस होनहार बेटी ने साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से सफलता की हर मंजिल हासिल की जा सकती है।**
