36 एमपी बटालियन एनसीसी द्वारा खंडवा में ‘संकल्प वृक्ष’ और ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ का संयुक्त शुभारंभ।

कार्यक्रम में उपस्थित होकर सांसद विधायकों महापौर ने किया पौधारोपण।
खंडवा। पर्यावरण संरक्षण, हरियाली को बढ़ावा देने और जन-स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से खंडवा में 36 एमपी बटालियन एनसीसी द्वारा बटालियन परिसर में एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भोपाल में हुए मुख्य आयोजन की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए, खंडवा में मध्य प्रदेश शासन के पर्यावरण हितैषी ‘संकल्प वृक्ष’ अभियान, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान और केंद्र सरकार के जन-स्वास्थ्य को समर्पित ‘प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान’ (PM TB Mukt Bharat Abhiyan) का संयुक्त रूप से शुभारंभ किया गया। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ समाज का संदेश देते हुए लगभग 200 पौधों का रोपण किया गया।
36 एमपी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल के. राजेश के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में एनसीसी के युवा कैडेट्स, सैन्य अधिकारियों और गणमान्य अतिथियों ने पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम में खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, खंडवा विधायक कंचन मुकेश तंवे और महापौर अमृता अमर यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही।
_अतिथियों एवं अधिकारियों के प्रेरक विचार_
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने एनसीसी कैडेट्स के साथ मिलकर बड़े उत्साह से पौधारोपण किया और इस अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई। सांसद श्री पाटिल ने बहुत ही आत्मीय अंदाज में अपनी माटी और क्षेत्र के युवाओं से जुड़ाव महसूस करते हुए कहा कि खंडवा की यह धरती हमेशा से हरियाली और संस्कृति की धनी रही है। उन्होंने इस पहल की भूरी-भरी सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने युवा कैडेटों से सीधा संवाद करते हुए आह्वान किया कि वे केवल औपचारिकता के लिए पौधे न लगाएं, बल्कि अपने परिवार के एक सदस्य की तरह उनकी नियमित देखभाल करने का भी संकल्प लें।
विधायक कंचन मुकेश तनवे ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण और स्वास्थ्य एक-दूसरे के पर्याय हैं। उन्होंने राज्य सरकार की ‘संकल्प वृक्ष’ पहल और केंद्र के ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ को जन-जन का अभियान बनाने की बात कही। विधायक तंवे ने स्थानीय नागरिकों और युवाओं से अपील की कि वे अपने आस-पास के वातावरण को हरा-भरा रखें और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनकर देश को बीमारी मुक्त बनाने में अपना पूरा योगदान दें।
खंडवा की महापौर अमृता अमर यादव ने इस अवसर पर अपने विचार रखते हुए कहा कि नगर निगम क्षेत्र और हमारे पूरे खंडवा को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाने के लिए ऐसे अभियान बेहद जरूरी हैं। महापौर जी ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान हमारी माताओं के त्याग और प्रकृति के उपकारों के प्रति सच्ची कृतज्ञता है। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स के अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि शहर के विकास और पर्यावरण संरक्षण में नगर निगम हर कदम पर ऐसे आयोजनों के साथ खड़ा है। कर्नल के. राजेश कमांडिंग ऑफिसर ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता जगाना है। एनसीसी का लक्ष्य केवल अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना ही नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी में सामाजिक सरोकारों के प्रति उत्तरदायित्व विकसित करना भी है। उन्होंने आगे कहा कि एनसीसी के माध्यम से युवाओं में देशभक्ति और अनुशासन के संस्कार मजबूत होते हैं, जो उन्हें राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देते हैं। भारत युवाओं का देश है और राष्ट्र एवं प्रदेश के विकास में युवा शक्ति का योगदान अमूल्य है।
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि समापन एवं आभार कार्यक्रम के अंत में, लेफ्टिनेंट कर्नल राजेंद्र पांचाल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन और समापन भाषण प्रस्तुत किया गया। उन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, एनसीसी अधिकारियों, पीआई स्टाफ और कैडेट्स के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया तथा इस पर्यावरण हितैषी मुहिम को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित जनों और एनसीसी कैडेट्स ने सामूहिक रूप से पौधारोपण किया और पर्यावरण की रक्षा तथा देश को स्वस्थ व समृद्ध बनाने की शपथ ली।
