आनंद नगर के सांदीपनि विद्यालय में विधिक साक्षरता शिविर सम्पन्न
—
खंडवा//बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और कानून के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “सुरक्षित बचपन अभियान” के अंतर्गत सांदीपनि विद्यालय, आनंद नगर में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। सोमवार शाम को आयोजित इस शिविर में जिला न्यायाधीश श्री अनिल चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे, और उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने बच्चों को उनके अधिकारों और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति सजग रहने की सीख देते हुए पॉक्सो अधिनियम, गुड टच-बैड टच, साइबर अपराध तथा यातायात नियमों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
न्यायाधीश श्री अनिल चौधरी ने इस दौरान बच्चों को समझाया कि किसी भी प्रकार की गलत गतिविधि या असहज व्यवहार के प्रति चुप न रहें, बल्कि अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी अवश्य दें। साथ ही इंटरनेट और सोशल मीडिया का उपयोग करते समय सतर्कता बरतने तथा यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के विधिक सहायता अधिकारी श्री दिलावर सिंह ने विद्यार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता योजना की जानकारी दी।
नुक्कड़ नाटक ने दिया सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संदेश
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। छात्राओं ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का संदेश दिया। शिविर के दौरान आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता एवं नुक्कड़ नाटक में सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। शिविर में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक एवं विद्यार्थीगण तथा पैरालीगल वॉलिंटियर्स भी उपस्थित रहे।

