*‘लोकल फॉर वोकल अभियान के तहत चेंबर ऑफ कॉमर्स करेगा स्थानीय दुकानों से खरीदी की अपील*
खंडवा।पूर्व निमाड़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा इस वर्ष भी दीपावली के अवसर पर ‘लोकल फॉर वोकल’ अभियान के तहत शहरवासियों से स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी करने की अपील की जाएगी।इस हेतु बुधवार, 4 नवंबर को शाम 4 बजे घंटाघर चौक पर विशेष खरीदी अभियान आयोजित किया जाएगा।
चेंबर के अध्यक्ष सुनील बंसल एवं प्रवक्ता कमल नागपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि ऑनलाइन खरीदारी को बढ़ावा देने के कारण स्थानीय छोटे व्यापारियों के व्यवसाय पर पड़ने वाले प्रभाव को देखते हुए चेंबर द्वारा प्रतिवर्ष यह अभियान चलाया जाता है। अभियान के अंतर्गत चेंबर के पदाधिकारी एवं व्यापारी सदस्य घंटाघर चौक पर लगी छोटी-छोटी दुकानों से प्रतीकात्मक रूप से खरीदारी करेंगे तथा शहरवासियों से भी स्थानीय बाजारों एवं दुकानदारों से ही खरीदारी करने की अपील करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान खरीदी गई समस्त सामग्री के डी एम फाउंडेशन एवं स्वर्गीय सुभाष बंसल मेमोरियल ट्रस्ट के माध्यम से गरीब एवं निर्धन बस्तियों में वितरित की जाएगी।
चेंबर के अध्यक्ष सुनील बंसल, सचिव संतोष गुप्ता और कोषाध्यक्ष मोहन दीवान ने चेंबर के सभी सदस्यों एवं व्यापारियों से इस अभियान में शामिल होकर स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहित करने की अपील की है।
