दान और सेवा से समाज में बांटें खुशियां : कलेक्टर गुप्ता
‘सांझी दीपावली’ में शहरवासियों की सहभागिता की सराहना, 31 अक्टूबर से सुभाष नगर में लगेगा सेवा शिविर।

खंडवा। दान सनातन परंपरा और संस्कृति का अभिन्न अंग है। समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार योगदान देना चाहिए। सेवा और दान से ही समाज में सहयोग और संवेदनशीलता की भावना मजबूत होती है। यह बात कलेक्टर ऋषभ गुप्ता ने रोटरी क्लब ऑफ खंडवा निमाड़ और चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, खंडवा के संयुक्त आयोजन ‘सांझी दीपावली’ में कही। उन्होंने इस पहल को समाज के जरूरतमंद लोगों तक खुशियां पहुंचाने का सार्थक प्रयास बताया।
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि रोटरी क्लब निमाड के अध्यक्ष गोविंद शर्मा एवं उनकी टीम द्वारा यह रेकी की दीवार कार्यक्रम चल रहा है, कार्यक्रम में वक्ताओं ने सेवा, सहयोग और सामाजिक सहभागिता को दीपावली की खुशियों से जोड़ते हुए लोगों से इस अभियान में आगे आने का आह्वान किया। आयोजन के माध्यम से जरूरतमंदों के लिए उपयोगी सामग्री एकत्रित करने और समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा कार्यों से जोड़ने की पहल की जा रही है।
## सेवा कार्य ही ईश्वर की सच्ची आराधना
लायंस क्लब खंडवा के निदेशक नारायण बाहेती समाज सेवी सुनील जैन ने कहा कि पवित्र सेवाभाव से किया गया प्रत्येक कार्य ईश्वर की सेवा के समान है। जरूरतमंदों की सहायता करने से न केवल उनके जीवन में खुशियां आती हैं, बल्कि समाज में मानवीय संवेदनाओं को भी मजबूती मिलती है।
मुख्य अतिथि एवं किशोर प्रेरणा मंच के अध्यक्ष रणवीर सिंह चावला ने रोटरी क्लब ऑफ खंडवा निमाड़ के इस नेक अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सहयोग और परोपकार की भावना को बढ़ावा देते हैं। शहरवासियों का इसमें आगे आकर योगदान देना सराहनीय है। जनसहयोग से ही इस तरह की पहल व्यापक रूप ले सकती है।
## सामग्री दान के साथ श्रमदान भी
कार्यक्रम में इनरव्हील स्पार्कल की अध्यक्ष मोनिका शर्मा ने क्लब की सदस्यों के साथ पहुंचकर उपयोगी सामग्री भेंट की। वहीं, समाजसेवी एवं भाजपा नेत्री पिंकी राठौर ने सामग्री दान करने के साथ कार्यक्रम स्थल पर दो घंटे से अधिक समय तक सेवाएं भी दीं। उनकी सहभागिता ने यह संदेश दिया कि सामाजिक कार्यों में वस्तुओं का दान करने के साथ समय और श्रम का योगदान भी महत्वपूर्ण है।
आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने घरों में उपलब्ध ऐसी उपयोगी सामग्री, जिसका जरूरतमंद लोगों के लिए बेहतर इस्तेमाल हो सकता है, इस अभियान में दान करें। इस पहल का उद्देश्य दीपावली की खुशियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और समाज में सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करना है।
## 31 अक्टूबर से सुभाष नगर में आयोजन
रोटरी क्लब ऑफ खंडवा निमाड़ के प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि ‘सांझी दीपावली’ अभियान का अगला आयोजन 31 अक्टूबर से 3 नवंबर तक मिशन ग्रीन के साथ सुभाष नगर में आईसीआईसीआई बैंक के पास किया जाएगा। इस दौरान शहरवासी अभियान में शामिल होकर जरूरतमंदों के लिए सामग्री दान कर सकेंगे।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस सामाजिक पहल में बढ़-चढ़कर भाग लें। सामूहिक सहयोग से दीपावली की खुशियां उन लोगों तक भी पहुंचाई जा सकती हैं, जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है।
