*माँ नवचंडी देवी धाम पर धूमधाम से मनाया गया शरद पूर्णिमा उत्सव, खीर पूरी एवं जलेबी का हुआ वितरण*
खंडवा। माँ नवचंडी देवी धाम पर सो
मवार शरद पूर्णिमा उत्सव महंत बाबा गंगाराम लोधी के सानिध्य में बड़ी धूमधाम से मनाया गया। मंदिर रोशनी से जगमगा रहा था, सैकड़ों श्रद्धालु कतार में खड़े होकर दर्शन और प्रसादी ले रहे थे। यह जानकारी देते हुए प्रवक्ता निर्मल मंगवानी ने बताया कि इस मौके पर महंत बाबा गंगाराम लोधी ने कहा कि माँ नवरात्रि के पावन अवसर पर माता के विशाल प्रांगण में 9 दिनों तक अनेक क्षेत्र की मातृशक्ति द्वारा आकर्षक गरबा हुआ, विजयदशमी पर दशहरा उत्सव हुआ, फिर भंडारे हुए। सोमवार को शरद पूर्णिमा पर दूध की खीर का विशेष महत्व है, आज की रात चंद्रमा की रोशनी में खीर में अमृत बरसता है। माता जी से यही प्रार्थना है कि शहर पर ऐसी कृपा बनी रहे, सदा सनातन धर्म की जय जयकार हो। इस मौके पर मंदिर की ओर से दूध-जलेबी एवं पूरी प्रसादी का वितरण बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं को किया गया। इस अवसर पर लव जोशी, मदनलाल वर्मा, शिवसेना जिला प्रमुख गणेश भावसार, वकील रजत सोनी, प्रवक्ता निर्मल मंगवानी, संतोष मोटवानी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने महंत जी का आशीर्वाद लिया।
