नशे से दूरी है जरूरी आभियान के तहत आइटीआई कॉलेज डिंडोरी सहित जिलेभर में व्यापक जनजागरुकता कार्य क्रम आयोजित

0

दिनांक : 29 जुलाई 2026
**कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला डिण्डौरी**

**”नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0″ अभियान के तहत आईटीआई कॉलेज डिण्डौरी सहित जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित**

पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक डिण्डौरी **श्री आशीष खरे** के मार्गदर्शन में संचालित **”नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0″** अभियान के अंतर्गत दिनांक **29 जुलाई 2026** को जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के तहत **आईटीआई कॉलेज, डिण्डौरी** में **कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया** एवं **पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे** की उपस्थिति में नशामुक्ति जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग **300 प्रतिभागी**, जिनमें आईटीआई के विद्यार्थी, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, महाविद्यालय के विद्यार्थी, शिक्षकगण तथा सामाजिक न्याय विभाग, माई भारत (NGO) एवं खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को नशे के दुष्प्रभावों, उससे होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान की जानकारी दी गई तथा नशामुक्त जीवन अपनाने एवं समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया।

इसी दौरान विद्यार्थियों के मध्य **रस्साकशी प्रतियोगिता** का आयोजन भी किया गया। खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को अनुशासन, टीम भावना एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके अतिरिक्त जिले के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, छात्रावासों, ग्रामों, कस्बों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, शिक्षकों, ग्रामीणों एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। साथ ही शपथ, रैली, पोस्टर, पंपलेट, एलईडी स्क्रीन एवं लाउडस्पीकर के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।

जिलेभर में आयोजित **24 जनजागरूकता कार्यक्रमों** के माध्यम से लगभग **15,787 नागरिकों** तक नशामुक्ति का संदेश पहुँचाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *