*बच्चों की चुप्पी तोड़ना और उन्हें सुरक्षा का भरोसा देना जरूरी : प्रवीण शर्मा*

*‘बोलो, बताओ, बचाओ’ अभियान के तहत सांदीपनि विद्यालय जावर में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित*
खंडवा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खंडवा द्वारा संचालित ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के अंतर्गत सांदीपनि विद्यालय, जावर में ‘बोलो, बताओ, बचाओ’ विषय पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री अनिल चौधरी की उपस्थिति में बाल कल्याण समिति, खंडवा के अध्यक्ष श्री प्रवीण शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों के साथ होने वाले शोषण, हिंसा एवं अनुचित व्यवहार के विरुद्ध आवाज उठाना उनकी सुरक्षा की पहली पहल है। बच्चों को डरने या चुप रहने के बजाय निर्भीक होकर अपनी बात माता-पिता, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों तक पहुंचानी चाहिए।
श्री शर्मा ने बाल कल्याण समिति की भूमिका बताते हुए कहा कि संकटग्रस्त, निराश्रित एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों को सुरक्षा, देखरेख, पुनर्वास एवं पारिवारिक पुनर्स्थापन उपलब्ध कराने में समिति महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। बाल संरक्षण परिवार, विद्यालय, प्रशासन और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अनिल चौधरी ने पॉक्सो अधिनियम, शिकायत प्रक्रिया, पीड़ित प्रतिकर योजना एवं यातायात नियमों की जानकारी दी। जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री दिलावर सिंह ने निःशुल्क विधिक सहायता तथा गुड टच-बैड टच के विषय में विद्यार्थियों को जागरूक किया। किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य श्री पन्नालाल गुप्ता ने बोर्ड की कार्यप्रणाली की जानकारी दी।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती दीपिका साकल्ले, शिक्षकगण, पैरालीगल वालंटियर्स, शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
बच्चों की चुप्पी तोड़ना और उन्हें सुरक्षा का भरोसा देना जरूरी : प्रवीण शर्मा*
Tanish Gupta
वरिष्ठ संवाददाता
📍 खंडवा(मध्यप्रदेश)
राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करने वाले समाचार संवाददाता।
