* शरद पूर्णिमा पर मां दुर्गाधाम मंदिर में होगा गरबा उत्सव और खीर प्रसादी का आयोजन*
खंडवा। किशोर नगर जूनियर एलआईजी स्थित मां दुर्गा धाम मंदिर में आज रविवार को क्षेत्रवासियों के सहयोग से शरद पूर्णिमा महोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। वही उत्सव के दौरान सुंदर गरबा प्रस्तुति पर बालक बालिकाओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए प्रवक्ता निर्मल मंगवानी ने बताया कि शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर दुर्गा धाम मंदिर उत्सव समिति के तत्वावधान में रात्रि 8 बजे मां दुर्गा जी की आरती पश्चात महिला मंडल की मातृशक्ति एवं बालक बालिकाओं द्वारा गरबों का आयोजन एवं भक्तिमय गीतों भजनों की प्रस्तुतियां होगी। रात्रि 12 बजे के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसादी के रूप में चांद की रोशनी में रखी अमृत युक्त खीर प्रसादी का वितरण किया जाएगा। समिति के कौशल मेहरा, नेहा कटारे एवं दीपक तांबट ने श्रद्धालुओं से इस अवसर का लाभ लेने की अपील करते हुए बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मंदिर को विशेष रूप से सजाया जाएगा।
*धार्मिक महत्व*
पं. श्याम सरमंडल ने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार अश्विन मास की पूर्णिमा के दिन चंद्रमा अपनी 16 कलाओं से युक्त होकर पूर्ण यौवन पर होता है। कहा जाता है कि इस रात्रि को चंद्रमा से अमृत वर्षा होती है। खुले आकाश में रखी खीर पर चंद्रमा की सीधी किरणें पड़ने से वह अमृत समान औषधि बन जाती है, जिसके ग्रहण करने से समस्त शारीरिक कष्ट दूर होते हैं और स्वास्थ्य, शांति व समृद्धि प्राप्त होती है।
