रोगी कल्याण समिति की बैठक संपन्न ,कलेक्टर ने दिए सफाई और बेहतर व्यवहार के निर्देश
—
खंडवा//जिला अस्पताल में रोगी कल्याण समिति की बैठक कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में शनिवार को संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और डॉक्टर एवं पैरामेडिकल स्टाफ को समय पर अस्पताल पहुंचने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टाफ को मरीजों और परिजनों से अच्छा व्यवहार करने के लिए भी कहा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री ऐश्वर्य वर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओ.पी. जुगतावत, सिविल सर्जन डॉ. अनिरुद्ध कौशल, मेडिकल कॉलेज के अस्पताल अधीक्षक डॉ. रंजीत बड़ोले, डॉ. एम.एल. कलमे, डॉ. सुनील बिजौलिया सहित समिति सदस्य श्री भावेश बिल्लोरे उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने अस्पताल परिसर में वृक्षारोपण कर उद्यान विकसित करने, मुख्य द्वार पर गेट लचर लगाने, मेडिकल कॉलेज की 2 एक्स-रे मशीन के लिए जगह चिन्हित करने, एसएनसीयू वार्ड में टॉयलेट बनाने तथा बर्न वार्ड में निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश सिविल सर्जन डॉ.अनिरुद्ध कौशल को दिए। उन्होंने वार्डों में नियमित रूप से कर्णप्रिय ध्वनि बजाने के लिए भी कहा। आयुष्मान योजना में पात्र न होने वाले तथा बीपीएल श्रेणी के गरीब मरीजों के लिए इम्प्लांट निःशुल्क करने की अनुमति दी।

