67 गांवों की 13 हजार हेक्टेयर जमीन को मिलेगा सिंचाई का पानी, पंप हाउस का भूमिपूजन।
बड़वाह के रंजना गांव में सांवेर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का काम शुरू करने की दिशा में कदम, किसानों को मिलेगा लाभ।
खंडवा। लोकसभा खंडवा बड़वाह क्षेत्र के 67 गांवों की करीब 13 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने वाली सांवेर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के पंप हाउस का शनिवार को ग्राम रंजना में विधि-विधान से भूमिपूजन किया गया। परियोजना से क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और कृषि उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है।
समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि परियोजना के माध्यम से किसानों को खेती के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इससे सिंचाई के लिए बारिश पर निर्भरता कम करने और कृषि कार्यों को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है। परियोजना पूरी होने पर 67 गांवों के किसानों को इसका लाभ मिलने की संभावना है।
भूमिपूजन कार्यक्रम में बड़वाह विधायक सचिन बिरला सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। इस अवसर पर संसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर काम कर रही है। सांवेर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना को क्षेत्र की कृषि व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
