योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राही सरकार की योजनाओं का लाभ लें : विधायक कंचन तनवे

खंडवा। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को खंडवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सीहाड़ा में आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तनवे सम्मिलित हुईं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक तनवे ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। “आपकी सरकार आपके द्वार” के माध्यम से सरकार स्वयं जनता के बीच पहुंच रही है। जो भी पात्र व्यक्ति किसी योजना के लाभ से वंचित रह गया है, वह आगे आकर योजनाओं का लाभ प्राप्त करे।
खंडवा। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम सिहाड़ा में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं एवं योजनाओं के लाभ के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में कुल 361 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 340 आवेदनों का निराकरण किया गया, जबकि 21 आवेदन लंबित रहे।
शिविर में राजस्व विभाग से संबंधित 19 आवेदन प्राप्त हुए और सभी 19 का निराकरण किया गया। सामाजिक न्याय विभाग में प्राप्त 16 में से 12 आवेदनों का निराकरण किया गया। कृषि विभाग में प्राप्त 2 में से 2 आवेदन निराकृत किए गए।
इसके अलावा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, आयुष विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आधार कार्ड विभाग, लघु उद्योग विभाग, खाद्य विभाग सहित अन्य विभागों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं और आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है। शिविर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों के आवेदन प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई की।
कार्यक्रम के पश्चात विधायक तनवे ने एकीकृत कन्या शासकीय माध्यमिक विद्यालय, सीहाड़ा में छात्राओं के साथ मध्यप्रदेश सरकार द्वारा संचालित निःशुल्क मध्यान्ह भोजन ग्रहण किया तथा छात्राओं से संवाद किया।
इसके बाद विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तनवे ने सीहाड़ा स्थित बाबा ब्रिक्स औद्योगिक इकाई का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने इकाई संचालक श्री अजय मेघवानी से चर्चा कर उद्योग की कार्यप्रणाली एवं शासन की योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। श्री मेघवानी ने बताया कि इकाई द्वारा लगभग 11 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से करीब 150 लोगों को रोजगार प्राप्त हो रहा है।
उन्होंने बताया कि इकाई को मध्यप्रदेश शासन की MSME प्रोत्साहन योजनांतर्गत 40 प्रतिशत सब्सिडी का लाभ मिला है। मुख्यमंत्री द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से अनुदान राशि चार समान वार्षिक किश्तों में हस्तांतरित की जाती है। इस सहयोग के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के दौरान विधायक तनवे सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने औद्योगिक इकाई का भ्रमण कर विनिर्माण प्रक्रिया की जानकारी ली। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार की उद्योग एवं रोजगार को बढ़ावा देने वाली योजनाओं से स्थानीय स्तर पर निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े, भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल तोमर, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री चारुलता यादव, जिला महामंत्री धर्मेंद्र बजाज, हरीश कोटवाले, राजपाल चौहान, मुकेश तनवे, जिला पंचायत CEO ऐश्वर्य वर्मा, ADM श्रद्धा शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य सिंघानिया, SDM ऋषि सिंघाई, जनपद पंचायत CEO ममता चौहान, मंडल अध्यक्ष हरीश सेन, प्रदीप यादव, सरपंच कोकिला चौहान, जनपद सदस्य सुमन मालाकार, सरपंच राहुल मंदवाल, बलदेव मौर्य, अशोक पटेल, दीपक राठौड़, बद्री राठौड़, हेमेन्द्र चौहान, दुर्गेश शर्मा, गोलू सोलंकी, बजरंग सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
