# 12 साल से विराज रहीं मां दुर्गा, इस बार खंडवा में होंगे उज्जैन के खड़े हनुमानजी के दर्शन।
शिवाजी नगर की नवदुर्गा उत्सव समिति ने तैयार की स्थायी झांकी, नवरात्र के दूसरे दिन से श्रद्धालुओं के लिए खुलेगी।
खंडवा। दादाजी वार्ड के श्री छत्रपति शिवाजी नगर में इस बार नवरात्र उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को उज्जैन के प्रसिद्ध खड़े हनुमानजी की झांकी के दर्शन करने का अवसर मिलेगा। श्री छत्रपति शिवाजी नगर ची आई नवयुवक नवदुर्गा उत्सव समिति ने इस वर्ष झांकी का निर्माण कराया है। नवरात्र के दूसरे दिन से यह श्रद्धालुओं और शहरवासियों के दर्शन के लिए उपलब्ध रहेगी।
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि समिति द्वारा पिछले 12 वर्षों से क्षेत्र में मां दुर्गा की स्थापना कर नवरात्र उत्सव मनाया जा रहा है। हर वर्ष धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ आयोजित होने वाला यह उत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा बन गया है। इस बार खड़े हनुमानजी की स्थायी झांकी को विशेष आकर्षण के रूप में तैयार किया गया है।
समिति के अनुसार, झांकी के माध्यम से श्रद्धालु उज्जैन के प्रसिद्ध खड़े हनुमानजी के स्वरूप के दर्शन कर सकेंगे। आयोजन के लिए समिति ने श्रद्धालुओं और नगरवासियों से मां दुर्गा के दर्शन करने तथा नवरात्र के दूसरे दिन से हनुमानजी की झांकी के दर्शन कर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है।
**यहां कर सकेंगे दर्शन**
सुनील जैन ने बताया कि मां दुर्गा की स्थापना और खड़े हनुमानजी की झांकी के दर्शन दादाजी मंदिर के पास, नई अनाज मंडी रोड स्थित श्री छत्रपति शिवाजी नगर, दादाजी वार्ड, खंडवा में किए जा सकेंगे।
