किशोर दा की पुण्यतिथि पर खंडवा में सजेगी सुरों की महफिल, रघुवीर यादव को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान।

आज शाम पुलिस परेड ग्राउंड पर होगा आयोजन, पांच लाख रुपए और प्रशस्ति पट्टिका से अलंकृत होंगे अभिनेता; सुदेश भोसले की आवाज में गूंजेंगे नगमे।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री लोधी सहित जनप्रतिनिधि होंगे शामिल।
खंडवा। किशोर कुमार के गीतों की विरासत और सिनेमा में उनके योगदान को याद करने का दिन एक बार फिर आ गया है। किशोर दा की 39वीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को उनकी जन्मस्थली खंडवा में राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान समारोह और संगीत संध्या आयोजित होगी। किशोर संस्कृत प्रेरणा मंच के प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि इस वर्ष अभिनय के लिए सुविख्यात अभिनेता रघुवीर यादव को राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। इसके बाद देश के प्रसिद्ध गायक सुदेश भोसले और उनके साथी मुंबई गीत-संगीत की प्रस्तुति देंगे। पुलिस परेड ग्राउंड पर होने वाला कार्यक्रम शाम 7 बजे शुरू होगा। प्रवेश निशुल्क रहेगा।
किशोर प्रेरणा मंच के प्रवक्ता सुनील जैन सचिव नारायण बाहेती ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस समारोह में रघुवीर यादव को पांच लाख रुपए की करमुक्त राशि और प्रशस्ति पट्टिका प्रदान की जाएगी, किशोर कुमार की स्मृति में पहले सम्मान कार्यक्रम भोपाल में आयोजित होता था लेकिन प्रदेश शासन में मंत्री विजय साल के प्रयासों से अब वर्षों से यह कार्यक्रम किशोर दा की जन्मस्थली खंडवा पर आयोजित होता है। 13 अक्टूबर को प्रतिवर्ष उनकी जन्मस्थली खंडवा में यह आयोजन किया जाता है। इस बार दो दिवसीय कार्यक्रम का समापन किशोर दा की पुण्यतिथि पर होगा।
### ‘प्रधान जी’ के किरदार से नई पीढ़ी में भी पहचान
प्रवक्ता सुनील जैैन ने बताया कि अभिनेता रघुवीर यादव ने रंगमंच से अभिनय की शुरुआत की और नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा, नई दिल्ली से प्रशिक्षण लिया। वर्ष 1985 में फिल्म ‘मैसी साहब’ से उन्होंने सिनेमा में उल्लेखनीय पहचान बनाई। ‘सलाम बॉम्बे!’, ‘बैंडिट क्वीन’, ‘दिल से’, ‘लगान’, ‘वॉटर’ और ‘पीपली लाइव’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को सराहना मिली। वे अभिनेता के साथ गायक और संगीतकार भी हैं। वेब सीरीज ‘पंचायत’ में प्रधान जी की भूमिका ने उन्हें नई पीढ़ी के दर्शकों के बीच भी लोकप्रिय बनाया।
### 1997 से दिया जा रहा राष्ट्रीय सम्मान
मध्यप्रदेश शासन का राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान वर्ष 1997 में शुरू हुआ था। यह सम्मान सिनेमा के क्षेत्र में निर्देशन, अभिनय, पटकथा लेखन और गीत लेखन के लिए दिया जाता है। अब तक 29 विभूतियों को इस सम्मान से अलंकृत किया जा चुका है। प्रमुख रूप से अमिताभ बच्चन शत्रुघ्न सिन्हा मनोज कुमार दिलीप कुमार सहित कई कलाकारों को किशोर सम्मान से पुरस्कृत किया जा चुका है, इस वर्ष का पुरस्कार अभिनेता रघुवीर यादव को आज कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के प्रभारी एवं संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, मंत्री विजय शाह, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक कंचन मुकेश तनवे, महापौर अमृता अमर यादव,नारायण पटेल, छाया मोरै, जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेडे उपस्थित होकर प्रदान करेंगे
### किशोर दा के गीतों से सजेगी शाम
समारोह के बाद मुंबई के प्रसिद्ध गायक सुदेश भोसले और उनके साथी संगीत प्रस्तुति देंगे। किशोर कुमार की जन्मस्थली में उनकी पुण्यतिथि पर होने वाली यह संगीत संध्या उनके गीतों और संगीत विरासत को याद करने का अवसर होगी। आयोजकों ने शहरवासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
