नवदुर्गा उत्सव को लेकर पुलिस ने कसी कमर, कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

खंडवा। आगामी नवदुर्गा उत्सव को दृष्टिगत रखते हुए जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा लगातार तैयारियों की समीक्षा की जा रही है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन द्वारा शहर खंडवा के विभिन्न स्थानों पर पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की जा रही है।
इसी क्रम में गणेश गौशाला चौराहा स्थित पुलिस सहायता केंद्र में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री आदित्य सिंघारिया, नगर पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव बारंगे, रक्षित निरीक्षक श्री शिवमंगल सिंह, शहर खंडवा के तीनों थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं जिला विशेष शाखा प्रभारी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आगामी नवदुर्गा उत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, कानून व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी एवं आवश्यक पुलिस व्यवस्थाओं सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस अधिकारियों को पर्व के दौरान क्षेत्र में सतत निगरानी रखने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवदुर्गा उत्सव के दौरान आमजन एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा शहर में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्द का वातावरण बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सजगता एवं तत्परता से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
