*ओंकारेश्वर में व्यवस्थित यातायात हेतु यातायात पुलिस की सख्त कार्यवाही, नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के बनाये चालान*

पुलिस अधीक्षक खण्डवा श्री अगम जैन के निर्देशानुसार ओम्कारेश्वर में सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में आज दिनांक 22.09.2026 को तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा तथा सुगम यातायात व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए यातायात पुलिस द्वारा सख्त चालानी कार्यवाही की गई। यातायात प्रभारी निरीक्षक श्री धरमसिंह जामोद एवं यातायात टीम द्वारा ओंकारेश्वर के मुख्य मार्ग, बस स्टैंड क्षेत्र, झूला पुल के आसपास एवं प्रमुख घाटों के मार्गों पर भ्रमण के दौरान नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के चालकों को पहले समझाईश देकर चेतावनी दी गई, तत्पश्चात मौके पर ही नो पार्किंग में खड़े वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की गई। सभी वाहनों को नो पार्किंग से हटवाकर निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा करवाया गया।
मॉडिफाइड साइलेंसर पर कार्यवाही :- आमजन में ध्वनि प्रदूषण एवं भय उत्पन्न करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए एक बुलेट मोटर साइकिल, जिसमे तेज आवाज वाला मॉडिफाइड साइलेंसर लगा था, को जप्त कर चालान बनाया गया एवं साइलेंसर को मौके पर ही निकलवाया गया।
इस दौरान निरीक्षक श्री धरमसिंह जामोद द्वारा उपस्थित वाहन चालकों एवं ऑटो चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, नो पार्किंग में वाहन खड़ा न करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने एवं तीर्थ यात्रियों के आवागमन में बाधा उत्पन्न न करने हेतु समझाईश भी दी गई।
यातायात पुलिस खण्डवा की आमजन से अपील है कि ओंकारेश्वर तीर्थ क्षेत्र में अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही पार्क करें, यातायात नियमों का पालन करें एवं यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में पुलिस का सहयोग करें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त वैधानिक कार्यवाही जारी रहेगी।
