*गणेश उत्सव एवं विसर्जन की व्यवस्थाओं को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक(शहर) श्री महेन्द्र तारणेकर ने ली समीक्षा बैठक*

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री महेंद्र तारणेकर द्वारा थाना पंधाना पहुंचकर गणेश उत्सव एवं आगामी गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर विभिन्न स्तरों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने झांकी आयोजकों की बैठक लेने के साथ-साथ विसर्जन जुलूस मार्ग एवं विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
झांकी आयोजकों की बैठक—
झांकी आयोजकों को निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करने, जुलूस में अनुशासन बनाए रखने, निर्धारित क्षमता से अधिक व्यक्तियों को वाहन/झांकी पर नहीं बैठाने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निर्धारित नियमों के अनुसार उपयोग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी प्रकार की विवादित गतिविधि से बचने एवं सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस का सहयोग करने हेतु कहा गया।
विसर्जन जुलूस मार्ग का निरीक्षण—
कस्बा पंधाना में निकलने वाले गणेश विसर्जन जुलूस के निर्धारित मार्ग का भ्रमण कर मार्ग की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया। जुलूस के दौरान यातायात सुचारू बनाए रखने, संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण एवं आवश्यक बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
गणेश प्रतिमा विसर्जन स्थलों का निरीक्षण—
गणेश प्रतिमा विसर्जन स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। विसर्जन स्थल पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण, पुलिस बल की तैनाती तथा आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने हेतु आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया।
