मध्यप्रदेश जन अभियान के स्थापना दिवस पखवाड़े के अंतर्गत जिला स्तरीय स्वैच्छिकता पर्व आयोजित

0

*मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के स्थापना दिवस पखवाड़े के अंतर्गत जिला स्तरीय स्वैच्छिकता पर्व आयोजित*

*स्वैच्छिक सेवा से ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र का निर्माण संभव*

*डिण्डौरी, 31 जुलाई 2026*

मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, मध्यप्रदेश शासन के तत्वावधान में परिषद के स्थापना दिवस पखवाड़े के अंतर्गत जिला स्तरीय स्वैच्छिकता पर्व का आयोजन स्थानीय जनजातीय बालक छात्रावास के सभाकक्ष में किया गया। कार्यक्रम में संभाग समन्वयक श्री रविप्रसाद बर्मन, जिला समन्वयक श्री धर्मेंद्र चौहान तथा मुख्य अतिथि श्री अजेय की गरिमामयी उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि श्री अजेय ने अपने संबोधन में कहा कि समाज एवं राष्ट्र के विकास में युवाओं, स्वयंसेवकों तथा सामाजिक संगठनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने समाजहित के कार्यों में अधिकाधिक सहभागिता निभाने, सेवा एवं समर्पण की भावना को जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वैच्छिक सेवा के माध्यम से सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की भूमिका रखते हुए जिला समन्वयक श्री धर्मेंद्र चौहान ने बताया कि मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में 4 जुलाई से 12 अगस्त 2026 तक स्वैच्छिकता पर्व मनाया जा रहा है। इस अवधि में परिषद के नेटवर्क के माध्यम से जनजागरूकता एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

संभाग समन्वयक श्री रविप्रसाद बर्मन ने परिषद द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं अभियानों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम, नवीन प्रवेश, “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान, नवांकुर सखी हरियाली कार्यक्रम, सिद्ध गणेश माटी गणेश तथा हर घर तिरंगा अभियान सहित अन्य गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर उपस्थितजनों को स्वैच्छिकता एवं नशामुक्त भारत का संकल्प भी दिलाया गया।

कार्यक्रम के दौरान जल गंगा संवर्धन अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाली नवांकुर संस्थाओं, सीएमसीएलडीपी मेंटर्स, सीएम इंटर्न, छात्र-छात्राओं तथा प्रस्फुटन समिति के पदाधिकारियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक, नवांकुर संस्थाओं के पदाधिकारी, प्रस्फुटन समितियों के सदस्य, सीएमसीएलडीपी मेंटर्स, कार्यालयीन स्टाफ सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *