अमलपुरा में कार्यकर्ताओं एवं मातृशक्ति के साथ सुनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’
खंडवा। खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे ने आज 25 अक्टूबर 2026 को विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अमलपुरा स्थित बूथ क्रमांक 85 पर भाजपा के सक्रिय सदस्य अशोक दशोरे के निवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 139वें संस्करण को कार्यकर्ताओं एवं मातृशक्ति के साथ जमीन पर बैठकर सुना।
‘मन की बात’ के 139वें संस्करण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली के अवसर पर ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने, स्थानीय कारीगरों एवं स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों की खरीद को कारीगरों के हुनर, रोजगार और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने का माध्यम बताया।
प्रधानमंत्री ने स्वच्छता एवं जल संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने, दूरदराज के क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में e-Sanjeevani की भूमिका, IIT मद्रास में मानव मस्तिष्क की हाई-रिजॉल्यूशन 3D मैपिंग जैसे शोध कार्यों तथा युवाओं के Deep-Tech, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन, इलेक्ट्रिक वाहन, बैटरी और डिफेंस टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में नवाचारों पर भी चर्चा की।
उन्होंने नर्मदापुरम की शिवानी शर्मा के अंगदान से जुड़े प्रेरणादायी उदाहरण का उल्लेख करते हुए समाज में सेवा और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। साथ ही 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती पर आयोजित होने वाली ‘रन फॉर यूनिटी’ में सहभागिता का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने श्रीअन्न एवं मिलेट्स की पारंपरिक खेती को बढ़ावा देने, युवाओं द्वारा पारंपरिक फसलों को नए अवसरों से जोड़ने तथा महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर रामायण से मिलने वाली सेवा, करुणा, सामाजिक समरसता और सबको साथ लेकर चलने की प्रेरणा पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम फूलमाली, सरपंच अर्जुन सोलंकी, अशोक दशोरे, विजय चौहान, सरदार दादा, पुनशंकर पटेल, मदन तिरोले, केदार पटेल, मंथन दशोरे, शिव तिरोले, विनोद खांडे, प्रकाश तिरोले सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।
