धा. माहेश्वरी महिला संगठन द्वारा चार दिवसीय नवरात्रि गरबा महोत्सव का भव्य शुभारंभ
खंडवा। धा. माहेश्वरी महिला संगठन द्वारा चार दिवसीय नवरात्रि गरबा महोत्सव का शुभारंभ शीतला माता गली स्थित माहेश्वरी पंचायत भवन में हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में किया गया। महोत्सव में समाज की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक गरबा प्रस्तुतियाँ देकर माँ भगवती की आराधना की।
संगठन की अध्यक्ष रीना गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि चार दिवसीय महोत्सव में प्रतिदिन विभिन्न पारंपरिक गरबा शैलियों का आयोजन किया जाएगा। प्रथम दिवस राजवाड़ी गरबा, द्वितीय दिवस मारवाड़ी गरबा, तृतीय दिवस काठियावाड़ी एवं गुजराती गरबा तथा चतुर्थ दिवस पुरस्कार वितरण एवं कन्या पूजन का आयोजन होगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संगठन की सचिव प्रेरणा चांडक, कोषाध्यक्ष दिव्या गुप्ता सहित कार्यकारिणी की सभी सदस्यों का विशेष योगदान रहा। आयोजन में पंचायत भवन समिति, स्थानीय समिति, युवा संगठन, केंद्रीय संगठन एवं समस्त ट्रस्टीगण का भी सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।
गरबा महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक गरबा प्रस्तुतियों, भक्ति संगीत एवं माँ भगवती की आराधना से संपूर्ण परिसर भक्तिमय हो उठा। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं एवं महिला सहभागिता को प्रोत्साहित करने का सुंदर माध्यम बना।

