*नगर निगम खंडवा के वसूली अभियान में 6.90 लाख रुपये से अधिक की बकाया राशि वसूल, बकायादारों पर तालाबंदी एवं नल कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई*
खंडवा, 12 अक्टूबर 2026। नगर पालिक निगम खंडवा के राजस्व विभाग द्वारा संपत्तिकर एवं जलकर की बकाया राशि वसूलने के लिए सतत वसूली अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को भैरव तालाब वार्ड, पदमकुंड वार्ड सहित वार्ड क्रमांक 30, 31 एवं 34 में वसूली दल द्वारा कार्रवाई करते हुए लगभग 6 लाख 90 हजार रुपये से अधिक की बकाया राशि वसूल की गई।
वसूली अभियान के दौरान भैरव तालाब वार्ड में रामचंद्र यादव के गोदाम पर 64,413 रुपये का संपत्तिकर बकाया होने पर तालाबंदी की कार्रवाई की गई। वहीं सन्मति नगर में फज़ल हुसैन पर 65,789 रुपये तथा मानसिंग भोलू पर 42,015 रुपये की बकाया राशि होने पर वसूली की कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में गुरुवर पिल्लै पर दो नल कनेक्शन सहित संपत्तिकर की लगभग 62,000 रुपये की राशि बकाया होने के कारण नल कनेक्शन विच्छेद किए गए।
नगर निगम द्वारा बकायादारों से अपील की गई है कि वे अपना संपत्तिकर एवं जलकर समय पर जमा करें, ताकि किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके। निगम का राजस्व विभाग बकाया करों की वसूली के लिए अभियान निरंतर जारी रखेगा।
वसूली कार्रवाई के दौरान प्रभारी राजस्व अधिकारी श्री प्रकाश राजपूत, राजस्व उपनिरीक्षक श्री अभिषेक तिवारी, श्री वसीम खान, श्री विजय पराशर, श्री सुमित, श्री जय, श्री कन्हैया एवं श्री गौरव उपस्थित रहे।
