किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच का प्रतिनिधि मंडल कलेक्टर से मिला।
अभिनेता रघुवीर यादव होंगे राष्ट्रीय किशोर कुमार अलंकरण से सम्मानित।
दो दिवसीय गीत संगीत कार्यक्रम में 13 अक्टूबर को देश के प्रसिद्ध गायक सुदेश भोसले देंगे गीतों की शानदार प्रस्तुति।
खण्डवा।इस वर्ष 13 अक्टूबर को हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार की पुण्यतिथि पर दिए जाने वाले 29वें राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से अभिनेता रघुवीर यादव को नवाजा जाएगा। किशोर की पुण्यतिथि पर 13 अक्टूबर को खंडवा में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें ताम्रपत्र और पांच लाख रुपए का राशि सम्मान स्वरूप दी जाएगी। जानकारी देते हुए किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच के प्रवक्ता सुनील जैन व सचिव नारायण बाहेती ने बताया कि संस्कृति विभाग, मप्र शासन द्वारा 12 और 13 अक्टूबर को किशोर कुमार सम्मान समारोह का आयोजन खंडवा में किया जाएगा। संस्कृति विभाग के संचालक एनपी नामदेव के अनुसार दो दिवसीय आयोजन की शुरुआत 12 अक्टूबर को शाम 7 बजे से ये शाम मस्तानी गीत-संगीत संध्या से होगी। इसमें खण्डवा व आसपास के ख्यात गायक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। संस्कृति विभाग के साथ ही जिला प्रशासन व किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच का सहयोग रहेगा। रणवीर सिंह चावला की अध्यक्षता में आयोजित किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच की बैठक हुई। बैठक में अध्यक्ष रणवीर सिंह चावला, सचिव नारायण बाहेती, संरक्षक प्रमोदपुरी, सुरेंद्रसिंह सोलंकी,सुनील जैन,अनिल बाहेती,कमलेश गुप्ता,शरद खंडेलवाल, राजीव शर्मा, अतुल अत्रिवाल, अमीन खान,सतीश जैन,अनुराग राठौर,पवन दीक्षित ने अपने सुझाव दिए। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि बैठक में लिए गए निर्णय अनुसार 12 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम हेतु सदस्यों को दायित्व सौंपे गए।13 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच व नगर पालिक निगम के संयुक्त तत्वावधान में किशोर दा की समाधि पर सुरमई श्रद्धांजलि कार्यक्रम होगा। सभी किशोर प्रेमी समाधि पर दो जलेबी का भोग लगाकर पुष्प अर्पित कर गीतों के माध्यम से सुरमई श्रद्धांजलि देंगे।तैयारी को लेकर किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच के अध्यक्ष रणवीर सिंह चावला, सचिव नारायण बाहेती ,प्रवक्ता सुनील जैन व सदस्य कलेक्टर ऋषव गुप्ता व एडीएम व कार्यक्रम की नोडल अधिकारी श्रद्धा शुक्ला से मिले। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि 13 अक्टूबर को शाम को किशोर कुमार की पुण्य स्मृति में राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अलंकरण समारोह आयोजित किया जाएगा। अलंकरण समारोह के बाद मुंबई के प्रसिद्ध गायक सुदेश भोसले एवं साथी गीत-संगीत की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम शाम 7 बजे से शुरू होगा और इसमें प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। रघुवीर यादव रंगमंच और सिनेमा के बहुआयामी अभिनेता, गायक और संगीतकार हैं। उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से प्रशिक्षण लेने के बाद अपनी अभिनय यात्रा शुरू की। ‘मैसी साहब’, ‘सलाम बॉम्बे!’, ‘बैंडिट क्वीन’, ‘लगान’, ‘दिल से’ और ‘पीपली लाइव’ जैसी फिल्मों में उन्होंने प्रभावी अभिनय किया। वेब सीरीज ‘पंचायत’ में प्रधान जी के किरदार से नई पीढ़ी के बीच भी खासे लोकप्रिय हुए हैं।
किशोर कुमार सम्मान की शर्त, पाने वाले को खंडवा आना अनिवार्य किशोर कुमार सम्मान पाने के लिए पिछले तीन साल से मप्र शासन ने एक शर्त रखी है कि इस पाने वाले को खंडवा में आयोजित सम्मान समारोह में खंडवा आना अनिवार्य है किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच पदाधिकारियों ने सभी किशोर प्रेमियों व संगीत प्रेमियों से आयोजन में उपस्थित होने की अपील की।
