संपादक/तनिश गुप्ता

जिला अस्पताल पहुंचीं विधायक कंचन मुकेश तनवे, टीबी मुक्त भारत अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में हुईं शामिल
खंडवा। खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे आज अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला अस्पताल खंडवा पहुंचीं, जहां स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार एवं जिला स्वास्थ्य समिति (क्षय) खंडवा द्वारा राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन “टीबी मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत “जोश टीम” के शुभारंभ कार्यक्रम में सम्मिलित होकर कार्यक्रम को संबोधित किया।
इस अवसर पर विधायक ने टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के सरपंचों को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन के लिए जनभागीदारी, जागरूकता और स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयास आवश्यक हैं। सामूहिक प्रयासों से ही खंडवा को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम के पश्चात विधायक कंचन मुकेश तनवे ने जिला अस्पताल में उपचाररत अपने वाहन चालक मनीष यादव के पुत्र एवं बहन रानी तिरोले से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा चिकित्सकों से उपचार संबंधी जानकारी लेते हुए शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इसके साथ ही विधायक ने जिला अस्पताल में पूर्व में बंद पड़ी दो लिफ्टों के संबंध में भी जानकारी ली। गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व अस्पताल में दो लिफ्ट बंद होने की जानकारी मिलने पर विधायक ने डीन संजय दादु से फोन पर चर्चा कर लिफ्ट शीघ्र चालू कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद एक लिफ्ट चालू हो गई है, जबकि दूसरी लिफ्ट के मेंटेनेंस का कार्य प्रारंभ हो चुका है। विधायक ने मौके पर पहुंचकर चल रहे मेंटेनेंस कार्य का जायजा लिया और अस्पताल प्रबंधन से कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने को कहा।
इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री धर्मेंद्र बजाज, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव, डॉ. शक्तिसिंह राठौड़, संदेश गुप्ता सहित चिकित्सक एवं अस्पताल की टीम उपस्थित रही।
