सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स ने बस में सवार होकर देखा खंडवा का विकास, महापौर ने समझाई योजनाओं की तकनीकी प्रक्रिया

खंडवा। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और युवाओं की रचनात्मक क्षमता को शहर के विकास से जोड़ने के उद्देश्य से खंडवा महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव द्वारा सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खंडवा सहित आसपास के जिलों से आए 70 से अधिक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स ने सहभागिता की। इस दौरान महापौर, निगम अध्यक्ष एवं एमआईसी सदस्यों के साथ इंफ्लुएंसर्स ने नगर निगम द्वारा कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का स्थल भ्रमण किया और उनकी मूल आवश्यकता, निर्माण प्रक्रिया तथा तकनीकी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि कार्यक्रम की खास बात यह रही कि सभी इंफ्लुएंसर्स एक बस में सवार होकर महापौर एवं नगर निगम के जनप्रतिनिधियों के साथ शहर के विभिन्न विकास स्थलों पर पहुंचे। इस दौरान उन्हें केवल विकास कार्य दिखाए ही नहीं गए, बल्कि प्रत्येक कार्य के पीछे की आवश्यकता, योजना, तकनीकी प्रक्रिया और उसे धरातल पर उतारने में आने वाली चुनौतियों की भी जानकारी दी गई।
नई सड़कों से लेकर जल संरचनाओं तक का किया भ्रमण
प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि इंफ्लुएंसर मीट के दौरान प्रतिभागियों को खंडवा में नगर निगम द्वारा किए गए और कराए जा रहे विभिन्न महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भ्रमण कराया गया। इनमें पंधाना रोड से दादाजी मंदिर मार्ग, नए बस स्टैंड से झीलोंधान मार्ग, शकर तालाब रोड, पदम कुंड, अष्टभुजा भैरव कुंड, रामेश्वर कुंड, ट्रांसपोर्ट नगर, नगर निगम का नव निर्मित भवन, स्विमिंग पूल, स्टेडियम पैवेलियन और फायर स्टेशन सहित अन्य विकास कार्य शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में इंफ्लुएंसर्स को अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत जसवाड़ी में नवनिर्मित वाटर फिल्टर प्लांट का भी भ्रमण कराया गया। यहां उन्हें जल शुद्धिकरण की प्रक्रिया, प्लांट की तकनीकी व्यवस्था और शहर के लिए इसकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
नगर निगम के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने इंफ्लुएंसर्स के सवालों का जवाब देते हुए विकास कार्यों से जुड़े तकनीकी पहलुओं को सरल भाषा में समझाया। इससे युवाओं को यह समझने का अवसर मिला कि किसी योजना की घोषणा से लेकर उसके वास्तविक निर्माण और संचालन तक कई चरणों से गुजरना पड़ता है।
इंफ्लुएंसर्स ने पूछे सवाल, बनाए विकास कार्यों के ब्लॉग
सुनील जैन ने
हबताया कि भ्रमण के दौरान सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स ने विभिन्न विकास कार्यों को लेकर महापौर एवं निगम अधिकारियों से सवाल भी पूछे। उन्होंने निर्माण की आवश्यकता, लागत, प्रक्रिया, तकनीकी व्यवस्थाओं और नागरिकों को मिलने वाले लाभ से जुड़े विषयों पर जानकारी ली।
कार्यक्रम में शामिल युवा-युवतियों ने कहा कि उन्हें इस भ्रमण के माध्यम से यह समझने का अवसर मिला कि किसी विकास कार्य की घोषणा करना आसान हो सकता है, लेकिन उसे वास्तविक रूप से धरातल पर उतारने के लिए योजना, तकनीकी प्रक्रिया, संसाधन और लगातार निगरानी की आवश्यकता होती है।
इंफ्लुएंसर्स ने भ्रमण के दौरान विभिन्न विकास कार्यों की वीडियो रिकॉर्डिंग और फोटो भी तैयार किए तथा कई प्रतिभागियों ने इन कार्यों को लेकर अपने-अपने ब्लॉग एवं सोशल मीडिया कंटेंट तैयार किए।
“सोशल मीडिया समाज की जागरूकता का नया रूप बन चुका है” — महापौर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया समाज में जागरूकता का एक नया माध्यम बन चुका है। सोशल मीडिया से जुड़े युवा अपनी कुशल शैली के माध्यम से समाज तक विभिन्न विषयों को पहुंचाने का सार्थक प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं की सोच और उनकी रचनात्मकता समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि इन युवाओं के हाथ में देश का भविष्य है और उनकी सकारात्मक सोच के आधार पर समाज को नई और सफल दिशा देने का प्रयास किया जा सकता है।
महापौर ने कहा कि इंफ्लुएंसर मीट का उद्देश्य केवल विकास कार्यों का भ्रमण कराना नहीं, बल्कि युवाओं को शहर के विकास की वास्तविक प्रक्रिया से परिचित कराना भी है, ताकि वे तथ्यों और प्रत्यक्ष जानकारी के आधार पर शहर के विकास कार्यों को समाज तक पहुंचा सकें।
जनप्रतिनिधियों ने किया इंफ्लुएंसर्स का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान महापौर, निगम अध्यक्ष एवं एमआईसी सदस्यों द्वारा सभी शामिल इंफ्लुएंसर्स का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं और युवतियों की मौजूदगी रही। खंडवा के अलावा आसपास के जिलों से आए सोशल मीडिया क्रिएटर्स ने भी इसमें भाग लिया।
इंफ्लुएंसर्स ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें पहली बार कई विकास कार्यों को नजदीक से देखने और उनके पीछे की तकनीकी व्यवस्था को समझने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से सोशल मीडिया पर शहर से जुड़ी जानकारी को अधिक तथ्यात्मक और प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।
पूरे कार्यक्रम में दिखा उत्साह
इंफ्लुएंसर मीट के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बस से विभिन्न स्थलों का भ्रमण, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से सीधा संवाद, सवाल-जवाब तथा विकास कार्यों की जानकारी लेने के साथ ही प्रतिभागियों ने पूरे कार्यक्रम का आनंद लिया।
कार्यक्रम में निगम अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा, एमआईसी सदस्य सोमनाथ काले, राजेश यादव, वरुण भंवरे, पार्षद मोनिका बजाज तथा नगर निगम के सहायक यंत्री भरत सुरजाये सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन निमिष भंसाली ने किया। कार्यक्रम की व्यवस्था में प्रियांशु चौरे, सोनू यादव, मनीष पवार, आकाश यादव, सुनील बंसल, राजा बंसल, टीटू गौर और अवधेश सिंह ने सहयोग किया।
करीब 70 से अधिक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स की सहभागिता वाला यह आयोजन शहर के विकास कार्यों और सोशल मीडिया की रचनात्मक शक्ति के बीच संवाद स्थापित करने के प्रयास के रूप में सामने आया। प्रतिभागियों ने विभिन्न विकास स्थलों से जानकारी जुटाकर उसे अपने-अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने की बात कही।
