किशोर कुमार सम्मान से अनुपम खेर को सम्मानित किए जाने की संभावना, 12-13 अक्टूबर को खंडवा में होंगे कार्यक्रम
किशोर दा की पुण्यतिथि पर दो दिवसीय आयोजन, सुदेश भोसले आर्केस्ट्रा के साथ देंगे गीतों की प्रस्तुति
खंडवा। देश के महान हरफनमौला कलाकार और खंडवा की पहचान किशोर कुमार की पुण्यतिथि के अवसर पर इस वर्ष भी उनकी जन्मस्थली खंडवा में दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग की ओर से 12 और 13 अक्टूबर को राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान एवं संगीत संध्या का आयोजन प्रस्तावित है। कार्यक्रम में इस वर्ष प्रसिद्ध अभिनेता अनुपम खेर को राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से अलंकृत किए जाने की संभावना है। वहीं संभवत देश के प्रसिद्ध गायक सुदेश भोसले मुंबई अपनी आर्केस्ट्रा टीम के साथ किशोर दा के सदाबहार गीतों की प्रस्तुति देंगे।
समाजसेवी एवं किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच के प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग द्वारा लंबे समय से किशोर कुमार की स्मृति में राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। फिल्म जगत में निर्देशन, अभिनय, पटकथा और गीत लेखन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली देश की अनेक हस्तियों को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया जा चुका है। वर्षों पूर्व यह कार्यक्रम भोपाल में आयोजित होता था लेकिन प्रदेश के मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह के प्रयासों से यह कार्यक्रम अब किशोर दा की जन्मस्थली खंडवा में ही आयोजित हो रहे हैं।
खंडवा में फिर सजेगी सुरों की महफिल
सुनील जैन ने बताया कि इस वर्ष कार्यक्रम दो दिनों का होगा। 12 अक्टूबर को संगीत से जुड़े कार्यक्रम होंगे, जबकि 13 अक्टूबर को राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल को लेकर तैयारियां जारी हैं और स्थान का चयन किया जा रहा है। आयोजित कार्यक्रम में मध्य प्रदेश सरकार के धर्मस्य संस्कृति एवं जिले के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी भी उपस्थित होंगे।
किशोर नाइट में प्रसिद्ध गायक सुदेश भोसले अपनी आर्केस्ट्रा टीम के साथ किशोर कुमार के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देंगे। इससे खंडवा में किशोर दा की यादों से जुड़ी सुरमयी शाम का आयोजन होगा।
समाधि स्थल पर होगी सुरमई श्रद्धांजलि
प्रवक्ता सुनील जैन सचिव नारायण बाहेती ने बताया कि किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच और नगर निगम प्रशासन की ओर से प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी किशोर कुमार की पुण्यतिथि पर उनकी समाधि स्थल पर सुबह 9 से 11 बजे तक सुरमई श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें देश भर के किशोर एवं संगीत प्रेमी एवं स्थानीय कलाकार किशोर दा के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।
अब तक इन हस्तियों को मिला किशोर सम्मान
प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान की शुरुआत से अब तक सिनेमा और साहित्य जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों को इससे सम्मानित किया जा चुका है। इनमें हृषिकेश मुखर्जी, नसीरुद्दीन शाह, गुलजार, कैफी आजमी, बी.आर. चोपड़ा, अमिताभ बच्चन, गोविंद निहलानी, जावेद अख्तर, श्याम बेनेगल, शत्रुघ्न सिन्हा, मनोज कुमार, गुलशन बावरा, यश चोपड़ा, देव आनंद, सलीम खान, समीर, सई परांजपे, दिलीप कुमार, रूमी जाफरी और योगेश जैसी हस्तियां शामिल हैं।
इसके बाद 2019 के लिए पटकथा लेखक अशोक मिश्रा, 2020 के लिए गीतकार अमिताभ भट्टाचार्य और 2021 के लिए निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री को सम्मानित किया गया। वर्ष 2022 का राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अभिनेता धर्मेंद्र को प्रदान किया गया।
वर्ष 2023 का सम्मान फिल्म निर्माता-निर्देशक राजकुमार हिरानी को प्रदान किया गया। खंडवा में आयोजित समारोह में उन्हें राष्ट्रीय किशोर कुमार अलंकरण से सम्मानित किया गया था।वर्ष 2024 का सम्मान गीतकार प्रसून जोशी को गीत लेखन के क्षेत्र में प्रदान किया गया।वर्ष 2025 का सम्मान निर्देशन के क्षेत्र में फिल्म निर्देशक संजय लीला भंसाली के लिए घोषित किया गया था।
किशोर दा की स्मृतियों को आगे बढ़ाने का प्रयास
सुनील जैन ने कहा कि किशोर कुमार केवल एक महान गायक ही नहीं, बल्कि अभिनय, संगीत और निर्देशन सहित कला के अनेक क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाने वाले हरफनमौला कलाकार थे। खंडवा उनके जन्म और स्मृतियों से जुड़ी धरती है। ऐसे में हर वर्ष आयोजित होने वाले ये कार्यक्रम नई पीढ़ी को किशोर दा के कला-संसार से जोड़ने का माध्यम बनते हैं। इसमें सम्मानित कलाकार को मध्य प्रदेश सरकार द्वारा ₹5 लाख ताम्रपत्र श्रीफल स्मृति चिन्ह से अतिथियो द्वारा सम्मानित किया जाता है,
उन्होंने कार्यक्रम के लिए मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग और प्रदेश के संस्कृति मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच के अध्यक्ष रणवीर चावला, सचिव नारायण बाहेती और प्रवक्ता सुनील जैन एवं मंच के सदस्यों द्वारा तैयारीया की जा रही है।
