हरदा। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिले के वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस वर्ष वृद्धजन दिवस की थीम “दीर्घायु का युगः लम्बे जीवन के लिए व्यवस्थाओं का पुनर्विचार” रखी गई।
शिविर में वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह ने बताया कि शिविर में गैर-संचारी रोग (एनसीडी) की जांच, मोतियाबिंद एवं आंखों की जांच, मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परीक्षण तथा बधिरता की स्क्रीनिंग की गई।
इसके साथ ही वृद्धजनों को मानसिक स्वास्थ्य, शारीरिक अक्षमता एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर स्वास्थ्य संवाद सत्र के माध्यम से आवश्यक जानकारी दी गई। शिविर में पहुंचे हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
