ग्राम बावड़ियां काजी में विधायक कंचन तनवे ने मातृशक्ति से किया संवाद, सामूहिक रूप से सुनी प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित आंगन मिलन कार्यक्रम में महिलाओं को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
खंडवा। खंडवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बावड़ियां काजी में रविवार को विधायक कंचन मुकेश तनवे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने ग्राम की मातृशक्ति से संवाद किया और केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक कंचन तनवे ने बूथ क्रमांक 114 पर मातृशक्ति एवं ग्रामवासियों के साथ जमीन पर बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 138वें मन की बात कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया। इसके पश्चात आयोजित आंगन मिलन कार्यक्रम में महिलाओं से चर्चा कर उनके विचार एवं योजनाओं से जुड़े अनुभव जाने।
विधायक तनवे ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं, बेटियों और माताओं के सशक्तीकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण तथा छात्रवृत्ति जैसी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने मातृत्व सहायता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को इनके लाभ एवं पात्रता के बारे में भी बताया।
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने शासन की योजनाओं से मिल रहे लाभों को साझा किया तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आशीर्वाद देते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सेवादास पटेल, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री चारुलता यादव, भाजपा पूर्व जिला महामंत्री राजपाल चौहान, त्रिलोक पटेल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष तपन डोंगरे, नंदन करोड़ी, किसान संघ से सुभाष पटेल, सरपंच आशा पटेल, अर्जुन सोलंकी, धर्मेंद्र पाझरे, आनंद पटेल, लल्लू पटेल, मानक पटेल, डीपीओ रतना शर्मा, सुरेश सिंधे, बृजेश सावले एवं दुर्गेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
