सेवा संकल्प अभियान में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित, सेवा कलश यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत।
खंडवा। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, श्री नीलकंठेश्वर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खंडवा में 24 सितंबर को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस. पी. सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। प्रतियोगिताओं में जिले के 6 महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा दोनों प्रतियोगिताओं में कुल 12 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
चित्रकला प्रतियोगिता में विकसित भारत की परिकल्पना
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि चित्रकला प्रतियोगिता का विषय ‘विकसित भारत और मेरा योगदान’ रखा गया। प्रतियोगिता की प्रभारी डॉ. रीना मुजाल्दे रहीं। प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में नागरिकों एवं युवाओं की भूमिका, राष्ट्र निर्माण, सामाजिक विकास तथा देश के उज्ज्वल भविष्य की परिकल्पना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में डॉ. मीना साल्वे एवं शबनम खान, संगीत महाविद्यालय उपस्थित रहीं। निर्णायकों द्वारा प्रतिभागियों की विषयवस्तु, रचनात्मकता, प्रस्तुतीकरण एवं कलात्मक अभिव्यक्ति के आधार पर मूल्यांकन किया गया।
भाषण प्रतियोगिता में युवाओं की भूमिका पर विचार-विमर्श
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि भाषण प्रतियोगिता का विषय ‘भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका’ रखा गया। प्रतियोगिता के प्रभारी डॉ. कमलेश कोचले रहे। प्रतिभागियों ने युवाओं की जिम्मेदारी, शिक्षा, नवाचार, कौशल विकास, सामाजिक सहभागिता तथा राष्ट्र निर्माण में युवाशक्ति के महत्व पर प्रभावी ढंग से अपने विचार प्रस्तुत किए।
भाषण प्रतियोगिता के निर्णायक श्री श्याम सुंदर तिवारी एवं गोविंद गुंजन सिंह रहे। निर्णायकों द्वारा प्रतिभागियों के विचारों, विषय की समझ, वक्तृत्व शैली एवं प्रस्तुतीकरण के आधार पर प्रतियोगिता का मूल्यांकन किया गया।
सेवा कलश यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत
सुनील जैन ने बताया कि इसी क्रम में बड़नगर से वाराणसी की ओर जा रही सेवा कलश यात्रा के आशापुर आगमन पर महाविद्यालय के 100 से अधिक विद्यार्थियों एवं लगभग 10 प्राध्यापकों ने पुष्पमाला एवं पुष्पवर्षा कर यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के मंत्री कुंवर विजय शाह, विधायक कंचन मुकेश तन्वे, निमाड़ संभाग प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, कलेक्टर ऋषव गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक अगम जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।
सेवा कलश यात्रा के स्वागत में विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों की सक्रिय सहभागिता ने सेवा, राष्ट्रप्रेम, सामाजिक सहभागिता एवं सांस्कृतिक एकता की भावना को अभिव्यक्त किया। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।
सम्पूर्ण कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस. पी. सिंह के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों, प्राध्यापकों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
