*वीरबाला पालीवाल ने शिक्षक के रूप में सिखाया, अब उनकी देह से सीखेंगे विद्यार्थी*
*लायन्स सक्षम नेत्रदान-देहदान समिति के सहयोग से हुआ 28वां देहदान*
खण्डवा। खण्डवा निवासी 74 वर्षीय समाजसेवी व लायन्स की सक्रिय सदस्य श्रीमती वीरबाला पालीवाल ने अपने जीवनकाल में शासकीय शिक्षक के रूप में अनेक विद्यार्थियों को शिक्षा देकर उनके जीवन को दिशा दी। शिक्षा के महत्व को समझते हुए उन्होंने वर्षों पूर्व लायन्स सक्षम नेत्रदान-देहदान समिति के सदस्यों को आमंत्रित कर नेत्रदान एवं देहदान का संकल्प पत्र भरकर दिया था। उनके इसी सेवा संकल्प को परिवार ने उनके निधन के बाद पूरा कर समाज के सामने अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
समिति संयोजक नारायण बाहेती एवं समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि शुक्रवार को श्रीमती वीरबाला पालीवाल का देवलोकगमन हो गया। उनकी घोषणा के अनुसार उनके भाई अरविंद पालीवाल एवं विजय पालीवाल, भाभी हेमलता, स्व. ज्ञानेश्वर पालीवाल, भतीजे शैलेश पालीवाल एवं मोनू पालीवाल ने समिति सदस्यों को सूचना व सहमति देकर नेत्रदान कराया। नेत्ररोग विशेषज्ञ एवं समिति के सक्रिय साथी डॉ. सोमिल जैन, नेत्र सहायक प्रहलाद तिरोले एवं समिति सदस्यों के सहयोग से नेत्रदान की प्रक्रिया पूर्ण की गई।
शनिवार को लायन्स सक्षम नेत्रदान-देहदान समिति, लायन्स क्लब खण्डवा, सक्षम संस्था खण्डवा, लियो क्लब खण्डवा, दधीचि देहदान समिति, एम.के.आई. आई बैंक, जिला चिकित्सालय एवं समिति के नारायण बाहेती, राजीव शर्मा, सुनील जैन, अनिल बाहेती, राजीव मालवीय, सुरेन्द्र सिंह सोलंकी, डॉ. राधेश्याम पटेल, गांधी प्रसाद गदले, रणवीर सिंह चावला एवं चंचल गुप्ता सहित लायन्स क्लब खण्डवा के अध्यक्ष घनश्याम वाधवा, सचिव हेमलता पालीवाल एवं कोषाध्यक्ष पवन लाड़ के सहयोग से देहदान की प्रक्रिया पूर्ण की गई।
मुख्यमंत्री की घोषणा अनुसार पुलिस अधीक्षक अगम जैन, नोडल आर.आई. सूबेदार शिव मंगल सिंह लोधी के सहयोग से पुलिस बल द्वारा बड़ाबम पर श्रीमती वीरबाला पालीवाल की पार्थिव देह को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। इसके पश्चात अंतिम यात्रा श्री नंदकुमार सिंह चौहान शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय पहुंची।
मेडिकल कॉलेज के डीन संजय दादू के मार्गदर्शन में डॉ. विनित गोहिया, डॉ. राजीव जोशी, डॉ. बुद्धदेव घोष सहित मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों एवं समिति के अनिल बाहेती, घनश्याम वाधवा, राजीव शर्मा, नारायण बाहेती आशा उपाध्याय एवं हेमलता पालीवाल ने पार्थिव देह पर लायन्स श्रद्धांजलि चक्र व श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर श्रीमती वीरबाला पालीवाल को विद्यार्थियों का प्रथम गुरु बताते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई।
मेडिकल कॉलेज में बड़ी संख्या में शोकाकुल परिवारजन, महिला-पुरुष एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समिति सदस्यों ने उपस्थित लोगों को नेत्रदान एवं देहदान के महत्व तथा इसकी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी दी।
समाजसेवी व समिति सदस्य सुनील जैन ने बताया कि समिति संयोजक नारायण बाहेती की सक्रियता एवं समिति सदस्यों के सहयोग से श्रीमती वीरबाला पालीवाल का देहदान समिति के सहयोग से होने वाला 28वां देहदान है। समिति द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों के माध्यम से अब तक 183 व्यक्तियों के देहदान घोषणा पत्र भरवाए जा चुके हैं तथा हजारों लोगों ने नेत्रदान के संकल्प पत्र भरे हैं। समिति के सहयोग से 532 लोगों के निधन उपरांत नेत्रदान भी संपन्न हो चुके हैं।
नारायण बाहेती ने देहदान एवं नेत्रदान की इस मानवीय सेवा में सहयोग करने वाले सभी परिजनों, चिकित्सकों, मेडिकल कॉलेज, पुलिस प्रशासन, मीडिया, संस्थाओं एवं समिति सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
