सकारात्मकता और कृतज्ञता से जीवन में बना रहता है आनंद, ,,आशीष कुशवाहा,,
होमगार्ड्स अधिकारी-कर्मचारियों और सिविल डिफेंस वालेंटियर्स के लिए एक दिवसीय ‘अल्पविराम’ कार्यशाला आयोजित।
खंडवा। भागदौड़ भरी जिंदगी में सकारात्मक सोच, कृतज्ञता और दूसरों की मदद की भावना जीवन को आनंदमय बना सकती है। इसी उद्देश्य से मध्यप्रदेश राज्य आनंद संस्थान एवं आनंद विभाग द्वारा होमगार्ड्स विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों, स्वयंसेवी सैनिकों और सिविल डिफेंस वालेंटियर्स के लिए शनिवार को जिला पंचायत सभागृह में एक दिवसीय ‘अल्पविराम’ कार्यशाला आयोजित की गई।
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि कार्यशाला का शुभारंभ होमगार्ड्स विभाग के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट आशीष कुमार कुशवाहा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज के भागदौड़ भरे जीवन में भी खुशहाल रहने के लिए सकारात्मकता जरूरी है। जो लोग हमारी मदद करते हैं, उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना चाहिए। यदि हम अपने काम को ही आनंद का माध्यम बना लें तो जीवन में खुशहाली बनी रह सकती है।
जीवन का लेखा-जोखा कराया
कार्यशाला में आनंद विभाग का परिचय वीडियो दिखाया गया। मास्टर ट्रेनर प्रमेंद्र अटूट ने आनंद से संबंधित सत्र संचालित किया। मास्टर ट्रेनर पुष्पा अटूट ने प्रतिभागियों का परिचय लेते हुए ‘जीवन का लेखा-जोखा’ सत्र कराया। उन्होंने कृतज्ञता, मदद और माफी जैसे भावों से जुड़े चार प्रश्न प्रतिभागियों के सामने रखे।प्रतिभागियों की शेयरिंग के माध्यम से उन्हें प्रतिदिन अपने जीवन का लेखा-जोखा करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
अनुभव साझा कर बताए बदलाव के तरीके
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया की मास्टर ट्रेनर मनीषा पाटिल ने अपने जीवन में आए परिवर्तन की कहानी प्रतिभागियों के साथ साझा की। इससे पहले मास्टर ट्रेनर एवं जिला संपर्क व्यक्ति गणेश कानडे ने राज्य आनंद संस्थान का परिचय देते हुए आनंद विभाग की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को प्रेरक वीडियो भी दिखाए गए।
प्रमाण पत्र देकर किया समापन
कार्यशाला में होमगार्ड के कंपनी कमांडर रविंद्र महिवाल, प्लाटून कमांडर मनीषा यादव, एसआई एम. अंकेश सोमानी, हवलदार स्टोरमैन नितिन पूरे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यशाला के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
