विधायक जयराम की अग्रिम जमानत याचिका MP -MLA कोर्ट में ट्रांसफर, कल होगी सुनवाई*

0

 

धनबाद: डुमरी के विधायक और JLKM के अध्यक्ष जयराम महतो ने धनबाद सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है. विधायक के साथ-साथ तीन अन्य आरोपियों सुशील मंडल उर्फ सुशील कुमार, महेंद्र साव और राजकुमार मंडल ने भी अपनी अग्रिम जमानत की अर्जी दी है. तीनो आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिका को सोमवार को MP- MLA की विशेष कोर्ट में सुनवाई के लिए ट्रांसफर कर दिया गया है. MP-MLA की विशेष कोर्ट अब इस मामले में मंगलवार को सुनवाई करेगा.

 

क्या है मामला ?

दरअसल बरवाअड्डा की बड़ा पिछरी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी ने झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा नेता गणेश दास पर आरोप लगाया था कि उन्होंने मुखिया के फर्जी पैड, मुहर और हस्ताक्षर का इस्तेमाल किया है. 21 अगस्त को पुलिस गणेश दास को नोटिस देने उनके घर पहुंची, जहां तीखी बहस और गाली-गलौज की स्थिति बन गई. इसके बाद पुलिस ने गणेश दास को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया. गणेश दास की गिरफ्तारी के विरोध में 21 अगस्त को ही बरवाअड्डा थाना परिसर में विधायक जयराम महतो और मुखिया समर्थकों के बीच तीखी बहस और हाथापाई हो गई.

 

काम में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने की कार्यवाई

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहली प्राथमिकी विवाद के बाद दर्ज की जबकि दूसरी एफआईआर थाना प्रभारी की शिकायत पर विधायक जयराम महतो, 10 नामजद और 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में दर्ज की गई. विधायक और थाना प्रभारी के बीच बहस का एक ऑडियो वायरल हुआ था. जयराम महतो का आरोप है कि थाना प्रभारी ने ऑडियो को एडिट कर वायरल किया है. कोर्ट द्वारा केस डायरी मांगे जाने के बाद जयराम महतो को अग्रिम बेल के लिए अगली सुनवाई तक इंतजार करना पड़ेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *