जिले से 146 श्रद्धालु रामलला दर्शन के लिए हुए अयोध्या रवाना

0

जिले से 146 श्रद्धालु रामलला दर्शन के लिए हुए अयोध्या रवाना

 

भुवनेश्वर यादव:- महासमुंद (त्रिलोक न्यूज)

 

 

महासमुन्द 19 अगस्त 2026/ छत्तीसगढ़ शासन द्वारा रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित श्रद्धालुओं को विशेष ट्रेन के माध्यम से अयोध्या धाम ले जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन कराए जा रहे हैं।

इसी क्रम में महासमुन्द जिले के श्रद्धालुओं के लिए 19 से 22 अगस्त 2026 तक रामलला दर्शन यात्रा निर्धारित की गई है। बुधवार को जिले के पांचों विकासखंडों एवं नगरीय निकायों से चयनित कुल 146 तीर्थयात्री रायपुर रेलवे स्टेशन से अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए। जहां छत्तीसगढ़ शासन के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री श्री राम विचार नेताम एवं श्री टंकराम वर्मा द्वारा स्वागत एवं हरी झंडी दिखाकर अयोध्या के लिए रवाना किया गया। उप संचालक समाज कल्याण श्रीमती संगीता सिंह ने बताया कि यात्रा दल में 92 पुरुष एवं 54 महिलाएं शामिल हैं। इनके साथ 6 अनुरक्षक भी यात्रा कर रहे हैं। यात्रा में जनपद पंचायत महासमुंद एवं बागबाहरा से 23-23, पिथौरा से 26, बसना से 20 एवं सरायपाली से 25 श्रद्धालु शामिल हैं। इसी प्रकार नगरपालिका महासमुन्द से 12, नगरपालिका बागबाहरा से 5, नगरपालिका सरायपाली से 6, नगर पंचायत पिथौरा से 2 तथा नगर पंचायत बसना से 4 तीर्थयात्री रवाना हुए। रामलला दर्शन यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन, ठहरने एवं भोजन सहित आवश्यक सुविधाओं की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सुरक्षा कर्मी, चिकित्सक दल एवं टूर एस्कॉर्ट भी साथ रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *