विद्यालय व वृद्धाश्रम के खाद्य पदार्थों की जांच के लिए लिए गए नमूने

0

 

 

हजारीबाग। जिला उपायुक्त हेमंत सती एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशि जायसवाल के निर्देश पर गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इंदिरा गांधी बालिका विद्यालय एवं ओल्ड एज होम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी हजारीबाग-01 मो. मंजर हुसैन ने किया।

निरीक्षण के दौरान इंदिरा गांधी बालिका विद्यालय से उसना चावल, अरहर दाल, आटा, हल्दी पाउडर, नमक एवं सूजी के नमूने लिए गए। वहीं ओल्ड एज होम से आटा, सरसों तेल, हल्दी पाउडर एवं नमक के नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला, नामकूम (रांची) भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने विद्यालय एवं वृद्धाश्रम प्रबंधन को रसोईघर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, भोजन बनाने और परोसने के दौरान रसोइयों को एप्रन एवं टोपी पहनने तथा रसोई को चूहों, मक्खियों, कीटों एवं छिपकलियों से मुक्त रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ एवं सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. नवेद अंजुम, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी हजारीबाग-03 शशि भूषण मुंडा, सुरज कुमार एवं धनेश्वर प्रसाद कुशवाहा सहित खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *