बारिश में सड़क पर गिरा सूखा पीपल, 11 हजार वोल्ट लाइन का पोल टूटा, बड़ा हादसा टला

0

 

 

ग्रामीणों ने खुद काटकर हटाया पेड़, करीब 11 बजे बहाल हुआ चौपारण-चतरा मार्ग

 

 

चौपारण-चतरा मुख्य मार्ग स्थित दादपुर गांव में सोमवार देर रात तेज आंधी और बारिश के दौरान सड़क किनारे खड़ा सूखा पीपल का पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से 11 हजार वोल्ट बिजली लाइन का पोल टूट गया और बिजली के तार सड़क पर गिर गए। इससे कुछ देर के लिए सड़क पर करंट फैलने की आशंका उत्पन्न हो गई। हालांकि घटना देर रात होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई और स्थानीय लोगों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

पेड़ गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घरों से बाहर निकले और तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई। प्रत्यक्षदर्शी दिलीप सिन्हा ने बताया कि पेड़ गिरने के तुरंत बाद एक बाइक सवार उसी रास्ते से गुजर रहा था, लेकिन उसने समय रहते वाहन रोक लिया, जिससे वह बाल-बाल बच गया।

घटना के बाद चौपारण-चतरा मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई घंटों तक आवागमन बाधित रहा। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने टांगी व अन्य औजारों की मदद से पेड़ को काटकर सड़क से हटाया। करीब सुबह 11 बजे मार्ग पूरी तरह साफ होने के बाद यातायात सामान्य हो सका।

उधर, बिजली विभाग की टीम क्षतिग्रस्त पोल और 11 हजार वोल्ट लाइन की मरम्मत में जुटी रही। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क से पेड़ हटाने में संबंधित विभाग की ओर से कोई सहयोग नहीं मिला और ग्रामीणों ने अपने प्रयास से मार्ग बहाल कराया।

ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क किनारे खड़े सूखे एवं जर्जर पेड़ों की समय रहते पहचान कर उन्हें हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं और संभावित हादसों से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *