महूदी से जोकट तक सिक्स लेन निर्माण की अव्यवस्था से हर दिन जाम, एम्बुलेंस भी घंटों फंस रही

0

 

 

चौपारण। जीटी रोड के महूदी क्षेत्र में सिक्स लेन जीर्णोद्धार कार्य में लगी जेडी केबल कंपनी की कथित अनियमितताओं के कारण आए दिन भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। निर्माण कार्य के दौरान समुचित ट्रैफिक प्रबंधन और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं होने से छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इसका सबसे अधिक खामियाजा मरीजों और आम यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि जाम में एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहन भी घंटों फंसे रहते हैं। गंभीर रूप से घायल और बीमार मरीज समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाते, जिससे उनकी जान पर भी खतरा मंडराने लगता है। कई बार प्रशासनिक अधिकारियों के वाहन भी इसी जाम में फंस जाते हैं, लेकिन स्थिति में कोई स्थायी सुधार नहीं हो पा रहा है।

 

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कंपनी की ओर से सुरक्षा मानकों और यातायात व्यवस्था की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने जिला प्रशासन और एनएचएआई से तत्काल हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य के दौरान प्रभावी ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *