सेल्फ स्टडी के दम पर सूरज का RPF में चयन, पहली पोस्टिंग कोलकाता में

0

सेल्फ स्टडी के दम पर सूरज का RPF में चयन, पहली पोस्टिंग कोलकाता में

 

नवप्रदेश/चौपारण। प्रखंड के अम्बाजीत गांव निवासी किसान महेंद्र साव के पुत्र सूरज कुमार गुप्ता का चयन भारतीय रेलवे सुरक्षा बल (RPF) में हुआ है। उन्हें जॉइनिंग लेटर प्राप्त हो चुका है और उनकी पहली पोस्टिंग कोलकाता में की गई है। सूरज की इस सफलता से परिवार समेत पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि उन्होंने किसी कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया। सेल्फ स्टडी और ऑनलाइन कोर्स के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। वर्ष 2025 में परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद वर्ष 2026 में मेडिकल परीक्षा समेत सभी औपचारिकताएं पूरी होने पर उन्हें जॉइनिंग लेटर मिला।

सूरज ने वर्ष 2017 में डागा उच्च विद्यालय, केवलिया से मैट्रिक तथा बरही कॉलेज, बरही से इंटरमीडिएट की शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की और लगातार मेहनत के बल पर रेलवे सुरक्षा बल में चयनित होने का सपना साकार किया।

सूरज के पिता महेंद्र साव एक किसान हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने पुत्र की पढ़ाई में हरसंभव सहयोग किया। सूरज की सफलता ग्रामीण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है कि दृढ़ संकल्प, नियमित अध्ययन और मेहनत से बिना कोचिंग के भी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की जा सकती है।

सूरज की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *