11 दिवसीय शहादत का पर्व ‘या हुसैन अलविदा’ के साथ हुआ समापन
*11 दिवसीय शहादत का पर्व ‘या हुसैन अलविदा’ के साथ हुआ समापन*
बड़ोद। शहीद-ए-कर्बला, पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के नवासे हजरत इमाम हुसैन की याद में मनाए जा रहे 11 दिवसीय शहादत पर्व का शनिवार शाम “या हुसैन अलविदा” की सदाओं के साथ श्रद्धापूर्वक समापन हुआ।
सुबह से ही नगर में ताजियों का सामूहिक जुलूस निकाला गया, जिसमें विभिन्न मोहल्लों के आठ ताजिए शामिल हुए। जुलूस प्रमुख मार्गों से होता हुआ गांधी चौक पहुंचा और अंत में इमामबाड़ों पर संपन्न हुआ। जुलूस में बैंड-बाजों एवं ढोल की गूंज के बीच युवाओं ने अखाड़ों में हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन कर लोगों का मन मोह लिया।
मार्ग में विभिन्न स्थानों पर समाजजनों द्वारा सबील लगाकर शरबत, चाय, बिस्किट एवं फल-फ्रूट का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नगरवासी जुलूस में शामिल होकर हजरत इमाम हुसैन को खिराज-ए-अकीदत पेश करते रहे।
शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए समाजजनों ने थाना प्रभारी रूप सिंह बैस एवं पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। वहीं नगर परिषद द्वारा भी साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराई गईं।