कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्माणाधीन तीन पुलिया ओवरब्रिज और सर्विस रोड का किया निरीक्षण, कार्य शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश

खण्डवा पुलिस एवं जिला प्रशासन शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए प्रतिबद्ध
खण्डवा। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने एवं नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला कलेक्टर खण्डवा श्री ऋषव गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन द्वारा निर्माणाधीन तीन पुलिया ओवरब्रिज का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ओवरब्रिज निर्माण कार्य में आ रही तकनीकी समस्याओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों से चर्चा की तथा समस्याओं का शीघ्र निराकरण कर निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में निर्माण पूर्ण करने पर जोर दिया।
इसके साथ ही कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन के सामने निर्मित की जा रही सर्विस रोड का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को सर्विस रोड का निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
प्रशासन का उद्देश्य शहर में यातायात के दबाव को कम करना, आवागमन को सुगम बनाना तथा आम नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम कमिश्नर श्रीमती प्रियंका राजावत, एसडीएम श्री ऋषि सिंघाई, एसडीओ सेतु निगम श्री प्रतीक मण्डलोई, उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री अनिल राय सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
