महूदी में एनएच निर्माण पर मुखिया ने उठाए सवाल, ‘घर से निकलने का रास्ता तक नहीं बचा

0

 

 

चौपारण। चौपारण प्रखंड की बहेरा पंचायत की मुखिया पूजा कुमारी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर महूदी स्थित एनएच निर्माण कार्य को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने वीडियो के माध्यम से एनएचएआई पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि निर्माण कार्य के कारण स्थानीय ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। मुखिया पूजा कुमारी ने कहा कि महूदी में एनएच निर्माण कार्य की स्थिति ऐसी हो गई है कि लोगों के घर से निकलने का रास्ता भी नहीं बचा है। आमजन को रोजाना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन संबंधित एजेंसी और अधिकारियों की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय लोगों की सुविधाओं का ध्यान नहीं रखा गया, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों को घर से बाहर निकलने, बच्चों को स्कूल भेजने तथा आपातकालीन स्थिति में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मुखिया ने एनएचएआई एवं संबंधित अधिकारियों से जल्द समस्या का स्थायी समाधान कराने, सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्य में बरती जा रही कथित लापरवाही पर कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर शीघ्र आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *